महासमुंद के वैद्य फूड में देर रात छापा, 300 किलो पनीर जब्त; सैंपल रायपुर भेजा
महासमुंद के वैद्य फूड में देर रात छापा, 300 किलो पनीर जब्त; सैंपल रायपुर भेजा महासमुंद। एनालॉग (कृत्रिम) पनीर के निर्माण और बिक्री की शिकायत के बाद जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भलेसर रोड स्थित...
महासमुंद के वैद्य फूड में देर रात छापा, 300 किलो पनीर जब्त; सैंपल रायपुर भेजा
महासमुंद। एनालॉग (कृत्रिम) पनीर के निर्माण और बिक्री की शिकायत के बाद जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में देर रात छापेमारी की। जिला मुख्यालय से करीब 3 किमी दूर स्थित प्लांट में एसडीएम अक्षा गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की टीम ने करीब तीन घंटे तक जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 300 किलो तैयार पनीर जब्त कर उसका सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार टीम रात करीब 12 बजे वैद्य फूड पहुंची। तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई समेत अधिकारियों ने पनीर निर्माण की प्रक्रिया, मौके पर मौजूद सामग्री और तैयार उत्पाद की जांच की। पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर सैंपल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं।
🖋️रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी उमेश कुमार वर्मा के अनुसार जब्त पनीर का सैंपल रायपुर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम और संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्रवाई का आधार जांच और सैंपल रिपोर्ट होगी।
🖋️संचालक बोले- दूध से बनता है पनीर
वैद्य फूड के संचालक सोभित सिंह ने बताया कि संस्थान में नियमित रूप से जांच होती है। उनके अनुसार टीम ने प्लांट में चल रहा प्रोडक्शन देखा और दूध से तैयार किए जा रहे पनीर की भी जांच की। संचालक का कहना है कि प्लांट अभी सील नहीं किया गया है। पनीर गर्म होने के कारण तत्काल सैंपल का पंचनामा नहीं हो सका, इसलिए सैंपल को सुरक्षित रखा गया है।