नवरात्रि में नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों की नो-एंट्री, पुलिस ने रूट चार्ट जारी किया
नवरात्रि में नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों की नो-एंट्री, पुलिस ने जारी किया रूट चार्ट, बीटीआई चौक से नेताजी चौक और अग्रवाल प्रिंटर्स तक प्रतिबंधित रहेगा आवागमन, भारी वाहनों की एंट्री पर...
नवरात्रि में नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों की नो-एंट्री, पुलिस ने जारी किया रूट चार्ट, बीटीआई चौक से नेताजी चौक और अग्रवाल प्रिंटर्स तक प्रतिबंधित रहेगा आवागमन, भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक
जांजगीर-चांपा- नवरात्रि पर्व के दौरान नैला स्थित अग्रसेन भवन के सामने मां दुर्गा पंडाल में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने यातायात रूट चार्ट और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रहे नवरात्रि पर्व के दौरान नैला-जांजगीर टाउन में भारी वाहनों का प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी।
चार दिशाओं से आने वालों के लिए अलग पार्किंग
नैला फाटक, बलौदा और सरखो की ओर से आने वाले श्रद्धालु नैला दशहरा मैदान, बस स्टैंड, पीएनबी बैंक के बगल, गोशाला स्कूल, अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने और नहरिया बाबा रोड के पास वाहन पार्क कर सकेंगे।
बनारी और अकलतरा की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए शारदा चौक के पास सरस्वती शिशु मंदिर, जय भारत स्कूल, हॉलैंड ट्रैक्टर के पीछे, बजरंगी पारा गली और एचपी गैस/ओल्ड आर्या मोबाइल के पास पार्किंग निर्धारित की गई है।
केरा रोड, खोखरा-सुकली की ओर से आने वाले लोग तहसील चौक स्थित सी-मार्ट परिसर, गणेश समिति ग्राउंड और तहसील कार्यालय परिसर में वाहन खड़े कर सकेंगे। चांपा की ओर से आने वालों के लिए हाईस्कूल मैदान, डाइट स्कूल, हैंडबॉल ग्राउंड, पुराना अस्पताल, डीईओ कार्यालय, तुलसी भवन के सामने और नहरिया बाबा रोड के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
स्टेशन मार्ग पर वन-वे व्यवस्था
नैला स्टेशन जाने वाले यात्रियों को शारदा चौक से नेभनदास गली होकर जाना होगा। स्टेशन से जांजगीर आने वाले वाहन अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने से नहरिया बाबा रोड होकर चलेंगे। बीटीआई चौक से नेताजी चौक की ओर लिंक रोड पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि नेताजी चौक से बीटीआई चौक की ओर आवागमन किया जा सकेगा। नेताजी चौक से अग्रवाल प्रिंटर्स तक भी चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात नियमों व रूट डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।