मां समलेश्वरी को पहनाई 2500 चॉकलेट की माला, अनूठे श्रृंगार के दर्शन कर भावविभोर हुए भक्त
चांपा। शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन चांपा नगर में मां दुर्गा की आराधना को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिरों में पूजा-अर्चना और जयकारों के बीच नगर की कुलदेवी मां समलेश्वरी का...
चांपा। शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन चांपा नगर में मां दुर्गा की आराधना को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिरों में पूजा-अर्चना और जयकारों के बीच नगर की कुलदेवी मां समलेश्वरी का विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मां ब्रह्मचारिणी के स्वरूप में सजी मां समलेश्वरी को इस वर्ष लगभग 2500 चॉकलेट से तैयार माला अर्पित की गई है।
हर साल अनूठी भेंट अर्पित करते हैं रघु सोनी
मां समलेश्वरी के सेवक और श्रीश्याम भक्त रघु सोनी ने हर साल की परंपरा निभाते हुए इस बार भी मां के लिए विशेष माला तैयार कर अर्पित की। लगभग 2500 चॉकलेट से बनी इस माला से मां का श्रृंगार किया गया है। चॉकलेट की माला और आकर्षक सजावट से सजी मां की मनमोहक छवि को देखने के लिए मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु दर्शन कर आशीर्वाद मांग रहे हैं।
पहले फलों, काजू और चूड़ियों की माला भी चढ़ाई
रघु सोनी हर वर्ष नवरात्रि के अवसर पर मां समलेश्वरी के लिए कुछ विशेष भेंट तैयार करते हैं। इससे पहले वे मां को फलों की माला, काजू की माला और राजस्थान से मंगाई गई चूड़ियों की माला भी अर्पित कर चुके हैं। इस वर्ष चॉकलेट की माला के माध्यम से उन्होंने अपनी आस्था और समर्पण व्यक्त किया है।
मंदिर में भक्तिमय माहौल
नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। मां के विशेष श्रृंगार को देखकर भक्त भावविभोर हो रहे हैं। चॉकलेट की माला के साथ मां का दिव्य स्वरूप लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
नवरात्रि के दौरान मंदिर में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है। मां समलेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। भक्त रघु सोनी की यह अनूठी भेंट नवरात्रि में श्रद्धा, सेवा और समर्पण का उदाहरण बनकर सामने आई है।