एक घंटे में एक लाख से ज्यादा लोगों को बंधी ‘साइबर जागृति की राखी’, जांजगीर-चांपा का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
जांजगीर-चांपा। राखी के पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा के संकल्प से जोड़कर जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अनूठी पहल को रिकॉर्ड में बदल दिया। “एक राखी साइबर जागृति की” अभियान के तहत जिले में एक साथ एक लाख से...
जांजगीर-चांपा। राखी के पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा के संकल्प से जोड़कर जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक अनूठी पहल को रिकॉर्ड में बदल दिया। “एक राखी साइबर जागृति की” अभियान के तहत जिले में एक साथ एक लाख से अधिक लोगों को एक घंटे के भीतर साइबर जागृति की राखी बांधी गई। इस व्यापक जनभागीदारी के चलते जांजगीर-चांपा का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।
पुलिस के इस अभियान में जिले के 432 गांवों, वार्डों, शासकीय प्रतिष्ठानों, उद्योगों और विभिन्न संस्थानों में एक साथ साइबर जागरूकता का संदेश दिया गया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों, ग्राम कोटवारों, महिला कमांडो सहित आम नागरिकों ने एक-दूसरे को ‘साइबर जागृति की राखी’ बांधकर ऑनलाइन ठगी से बचने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संकल्प लिया।
राखी के साथ दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
जांजगीर-चांपा पुलिस ने राखी के भावनात्मक पर्व को जनजागरूकता से जोड़ते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव का संदेश गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया।
इस अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम हॉल में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में किया गया। इसके बाद निर्धारित समय पर जिलेभर में अभियान एक साथ आगे बढ़ा।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहभागिता बनी रिकॉर्ड
अभियान की सबसे बड़ी खासियत इसकी व्यापक जनभागीदारी रही। एक घंटे की निर्धारित अवधि में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता ने इसे खास बना दिया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में एक साथ साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचने से यह अभियान जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बन गया।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की मान्यता ने जांजगीर-चांपा पुलिस की इस अभिनव पहल को नई पहचान दी है।