80 हजार के एरियर के लिए 20 हजार रिश्वत की मांग, 10 हजार लेते प्राचार्य और बाबू गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा जिले में एसीबी बिलासपुर ने रिश्वत लेते हुए एक शासकीय स्कूल की प्राचार्य और बाबू को गिरफ्तार किया है। मामला किरारी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। यहां सहायक ग्रेड तीन कर्मचारी...
जांजगीर-चांपा जिले में एसीबी बिलासपुर ने रिश्वत लेते हुए एक शासकीय स्कूल की प्राचार्य और बाबू को गिरफ्तार किया है।
मामला किरारी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। यहां सहायक ग्रेड तीन कर्मचारी मनीष राठौर से वेतन वृद्धि के एरियर की राशि निकालने के एवज में रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत के मुताबिक, करीब 80 हजार रुपए के एरियर के लिए प्राचार्य अंजुला सोनी ने पहले 20 हजार रुपए की मांग की थी। बाद में 10 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।
एसीबी की योजना के तहत मनीष राठौर रिश्वत की रकम लेकर स्कूल पहुंचा। प्राचार्य ने रकम स्कूल के बाबू विकास मसीह को देने के लिए कहा। जैसे ही बाबू ने 10 हजार रुपए लिए, एसीबी की टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
रिश्वत की रकम बरामद कर दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी बिलासपुर की यह 56वीं ट्रैप कार्रवाई बताई गई है।