हर घर तिरंगा अभियान के बीच मिशन अस्पताल में तिरंगे के अपमान का वीडियो वायरल
हर घर तिरंगा अभियान के बीच मिशन अस्पताल में तिरंगे के अपमान का वीडियो वायरल अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घर-घर तिरंगा फहराने और...
हर घर तिरंगा अभियान के बीच मिशन अस्पताल में तिरंगे के अपमान का वीडियो वायरल
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घर-घर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया जा रहा है। इसी बीच अंबिकापुर के मिशन अस्पताल परिसर से राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का वीडियो सामने आने से लोगों में नाराजगी है।
घटना 14 अगस्त दोपहर की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में अस्पताल परिसर में सफाई के दौरान एक सफाईकर्मी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को झाड़ू से साफ करते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
एक ओर प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है, वहीं स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले सामने आए इस वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों में आक्रोश है। लोगों ने जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रबंधन कैमरे पर प्रतिक्रिया देने को तैयार नहीं हुआ। वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटना के पूरे तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।