बांगो जलाशय के 3 गेट खोले, 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
कोरबा। मिनीमाता बांगो जलाशय में लगातार हो रही बारिश और पानी की आवक को देखते हुए जलाशय के 3 गेट खोल दिए गए हैं। करीब 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद निचले इलाकों और...
कोरबा। मिनीमाता बांगो जलाशय में लगातार हो रही बारिश और पानी की आवक को देखते हुए जलाशय के 3 गेट खोल दिए गए हैं। करीब 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद निचले इलाकों और नदी किनारे के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय रहते सतर्क करने और प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखने कहा गया है।
पानी की आवक को देखते हुए लिया फैसला
बारिश और जलाशय में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
बांगो के बाद दर्री बांध से भी छोड़ा जा सकता है पानी
बांगो जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद दर्री बांध से भी पानी छोड़े जाने की संभावना है। ऐसे में नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन ने संबंधित मैदानी अमले को स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर अलर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की अपील: नदी किनारे, जलभराव वाले क्षेत्रों और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से न जाएं। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें।