अकलतरा संभाग में बिजली बकायादारों पर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 378 कनेक्शन काटे; 52.52 लाख रुपए वसूले
जांजगीर-चांपा। बिजली बिल बकायादारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने अकलतरा, पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। 27 अगस्त को चलाए गए सामूहिक लाइन विच्छेदन अभियान में 378 विद्युत कनेक्शन काटे...
जांजगीर-चांपा। बिजली बिल बकायादारों के खिलाफ विद्युत विभाग ने अकलतरा, पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। 27 अगस्त को चलाए गए सामूहिक लाइन विच्छेदन अभियान में 378 विद्युत कनेक्शन काटे गए, जबकि मौके पर बकायादारों से 52 लाख 52 हजार 600 रुपए की वसूली की गई।
रायगढ़ क्षेत्र के मुख्य अभियंता मनीष तनेजा के निर्देशन और जांजगीर के अधीक्षण अभियंता अमर चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अकलतरा विकासखंड, पामगढ़ विकासखंड और शिवरीनारायण क्षेत्र के बिजली बिल बकायादारों के कनेक्शन काटे गए।
विभाग के अनुसार कार्रवाई के दायरे में आए 378 कनेक्शनों पर कुल करीब 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार 200 रुपए की बकाया राशि थी। इसमें से अभियान के दौरान ₹52,52,600 की राशि मौके पर वसूल की गई।
विभाग ने बकायादार उपभोक्ताओं को बिल जमा करने की समझाइश भी दी।
बिना अनुमति कनेक्शन जोड़ा तो होगी कार्रवाई
विद्युत विभाग ने चेतावनी दी है कि लाइन विच्छेदन के बाद यदि कोई उपभोक्ता बिना अनुमति स्वयं कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135/138 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बिजली बिल समाधान योजना की भी दी जानकारी
अभियान के दौरान घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्र उपभोक्ता योजना का लाभ लेकर बकाया बिजली बिल और सरचार्ज में निर्धारित छूट प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा बकाया बिल का भुगतान करने के बाद पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को राज्य शासन की हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मिल सकता है। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक की बिजली खपत पर निर्धारित छूट का लाभ दिया जाता है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ लाइन विच्छेदन और राजस्व वसूली की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभियान का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल भुगतान के लिए प्रेरित करना है।