नवागढ़ तहसील कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, अफसरों पर कार्रवाई की मांग
जांजगीर-चांपा। नवागढ़ तहसील कार्यालय के सामने सतलोक आश्रम मुक्तिधाम तुलसी से जुड़े लोगों ने 17 सितंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन पर रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार और...
जांजगीर-चांपा। नवागढ़ तहसील कार्यालय के सामने सतलोक आश्रम मुक्तिधाम तुलसी से जुड़े लोगों ने 17 सितंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन पर रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार और कथित अनियमितताओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। आंदोलन का नेतृत्व आश्रम के संस्थापक संत बुधराम जी द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है।
आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर पंपलेट जारी किया है। उनका कहना है कि विभिन्न शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने एसडीएम भावना साहू को हटाने के साथ शिवरीनारायण तहसीलदार अभिनव चौहान, नवागढ़ तहसीलदार संजय बेरठ और नवागढ़ थाना प्रभारी प्रेमलाल दिवाकर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि तहसीलदारों के निर्देश पर उनके घर का ताला तोड़कर दूसरा ताला लगाया गया। साथ ही सितंबर 2025 में सतलोक आश्रम में पत्थरबाजी और चोरी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया गया है। उनका दावा है कि कार्रवाई के बजाय उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
आंदोलनकारियों ने इन मामलों को लेकर एसपी जांजगीर को शिकायत दिए जाने की बात कही है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, भूख हड़ताल जारी रहेगी। अब प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजर है।