सुबह का अपडेट
सुबह का अपडेट- सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ के निवेश प्रस्ताव सिंगापुर में SING Forum 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें 100 मेगावाट AI-रेडी डेटा...
सुबह का अपडेट-
सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
सिंगापुर में SING Forum 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ को ₹43,250 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें 100 मेगावाट AI-रेडी डेटा सेंटर और ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं के प्रस्ताव शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त का छत्तीसगढ़ दौरा टला
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का 7 और 8 अक्टूबर का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है। दौरे में दंतेवाड़ा, चित्रकोट और कवर्धा के कार्यक्रम प्रस्तावित थे; नई तारीख बाद में तय होगी।
दंतेवाड़ा में माओवादी डंप बरामद, AK-47 समेत हथियार मिले
बारसूर क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने माओवादी ठिकाने से AK-47, INSAS राइफल, BGL शेल, ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। कार्रवाई 6 अक्टूबर को सूचना के आधार पर की गई।
कांकेर की खदान में तीन मशीनों में आग, पुलिस जांच में जुटी
भानुप्रतापपुर क्षेत्र की अयस्क खदान में अज्ञात लोगों ने तीन मशीनों में आग लगा दी। मौके से पर्चा मिलने की बात सामने आई है और पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक, दो आरोपी गिरफ्तार
बालोद जिले में लाइब्रेरी से लौट रही एक छात्रा पर एसिड फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने पहले से हमले की साजिश रची थी।
कवर्धा अस्पताल के महिला शौचालय में घुसा तेंदुआ, महिला घायल
कवर्धा में अस्पताल के महिला शौचालय में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। हमले में एक महिला घायल हुई, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने करीब पांच घंटे की कार्रवाई के बाद तेंदुए को डार्ट कर काबू किया।
चांपा में 11 केवी लाइन की चपेट में आए दंपती, मजदूर की मौत
चांपा थाना चौक के पास मंगलवार दोपहर निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे दंपती 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में 50 वर्षीय रामनाथ की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी लता गंभीर रूप से झुलस गईं।
जांजगीर-चांपा में जमीन विवाद में बुजुर्ग की मौत, आरोपी गिरफ्तार
उच्चभिट्ठी गांव में करीब 9 डिसमिल जमीन के विवाद में मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 70 वर्षीय लोचन प्रसाद यादव की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी राजकिरण यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रायपुर में चार साल की बच्ची का अपहरण, महाराष्ट्र से सकुशल बरामद
रायपुर में चार साल की बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे महाराष्ट्र से सकुशल बरामद किया है। मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
रायपुर मेडिकल कॉलेज में 152 पदों पर भर्ती, 14 अक्टूबर को वॉक-इन
रायपुर मेडिकल कॉलेज में 152 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 14 अक्टूबर को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।